संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के गौरापार गांव के प्रधान के भतीजे पर शुक्रवार देर शाम गांव के ही एक युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि कट्टे से तीन राउंड फायरिंग की गई, लेकिन संयोग से गोली साइड से होकर निकल गई। उसके बाद आरोपी ने ईंट से प्रहार कर घायल कर दिया। बाइक भी कूच डाली।
गौरापार गांव के प्रधान रमाकांत चौधरी के भतीजे 27 वर्षीय अजय चौधरी का आरोप है कि गांव के रहने वाले आरोपी युवक ने पूर्व में कोटेदार से विवाद किया था। उस विवाद में प्रधान और उनके परिवार से अपने पक्ष में सहयोग मांग रहा था। प्रधान और उनके परिवार के लोग आरोपी युवक की मदद नहीं किए। इसी बात पर आरोपी युवक रंजिश रखता था।
अजय का आरोप है कि शाम साढ़े सात बजे के करीब गांव में गए थे। उसी दौरान युवक उसे दौड़ दिया और कट्टे से उसके ऊपर तीन राउंड फायर किया। आरोप है कि आरोपी युवक ने ईंट से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली ले आई है। आरोपी युवक का कहना है कि उसने फायरिंग नहीं की है। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।