भैसही उर्फ भैसवरिया में लगी आग को बुझाते लोग।संवाद
धनघटा। महुली क्षेत्र के भैसही उर्फ भैंसवरिया में बुधवार दोपहर बिजली का तार टूटकर गिरने से दो सगे भाइयों की झोपड़ी जलकर राख हो गई। हवा के चलते आग फैल कर आसपास मौजूद कई पेड़ के अलावा कुछ दूरी पर स्थित दो मंजिला मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की घटना देखकर गांव में अफरा- तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अथक प्रयास करके आग पर काबू पाया।
क्षेत्र के भैसही उर्फ भैसवरिया निवासी सगे भाई हरिहर प्रसाद और हरि प्रसाद पुत्रगण सत्यनारायण प्रसाद छप्पर डाले थे। छप्पर के पास ही बिजली का पोल लगा है। बुधवार को बिजली तार में शार्ट सर्किट हुआ और तार टूट कर छप्पर पर गिर गया। तारों की चिंगारी से भड़की आग से दो भाइयों का छप्पर जल गया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और सूचना देकर बिजली आपूर्ति ठप कराई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन इस दौरान निकली चिंगारी से कुछ दूरी पर स्थित राम भवन गौतम के दो मंजिला कमान की छत पर रखे कंडे में भी आग लग गई। आग की चपेट में आने से आधा दर्जन पेड़ में झुलस गए। आग लगने से हरिहर प्रसाद, हरि प्रसाद व राम भवन को काफी क्षति हुई। ग्रामीणों के आग बुझाने के बाद ही दमकल की गाड़ी पहुंची।