नाथनगर में शॉर्ट सर्किट से जल रहीं दुकानें।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
शॉर्ट सर्किट से तीन दुकानों में लगी आग
लोगों केप्रयास से तीन घंटे बाद पाया गया काबू
धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली थाना क्षेत्र के नाथनगर स्थित काली जगदीशपुर मोड़ के पास शनिवार रात शॉर्ट सर्किट से तीन दुकानों में आग लग गई। लाखों रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत और अग्निशमन कर्मियों के सहयोग से तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया सका। रविवार को क्षेत्रीय विधायक गणेश चौहान भी मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से बातचीत की। नाथनगर स्थित काली जगदीशपुर मार्ग पर नाथनगर गांव निवासी रामकुमार की कपड़े की दुकान में शनिवार रात करीब 11 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग के बारे में जब तक लोग जानते तब तक उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग पड़ोसी राजकुमार की मिठाई की दुकान को चपेट में लेते हुए आलोक यादव की पेंट की दुकान में पहुंच गई। गश्त पर निकले सिपाही संजय प्रसाद व चंदन यादव की नजर आग की लपटो पर पड़ी तो आननफानन दुकान के आसपास के लोगों को जगाया। इसकी सूचना महुली थाने पर दी।
सूचना मिलते ही मौके पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार मिश्र पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचकर आग बुझाने में ग्रामीणों की मदद करने में जुट गए। आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर धनघटा और धनघटा से अग्निशमन की दो गाड़ियां पहुंच गईं। करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कपड़ा व्यापारी रामकुमार ने बताया कि आग से करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मिठाई व्यापारी राजकुमार ने बताया कि करीब 10 से 12 हजार का नुकसान हुआ है। पेंट व्यापारी आलोक यादव ने बताया कि करीब 20 हजार का नुकसान हुआ है। रविवार सुबह राजस्व कर्मी भी क्षति का आकलन करने पहुंचे।