- दुधारा क्षेत्र के बाघनगर गांव में हुई घटना, दूसरी बच्ची झुलस गई, एसडीएम, सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। दुधारा क्षेत्र के बाघनगर में रविवार को दोपहर एक बजे के करीब छप्पर में आग लग गई। इसमें सो रही डेढ़ साल की मासूम की जलकर मौत हो गई। वहीं पांच वर्षीय दूसरी बेटी झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बता दें कि बाघनगर गांव में लाला उर्फ अहमद का छप्पर का मकान है। दोपहर में लाला और उनकी पत्नी खेत में गेहूं काटने गए थे। उनके तीन बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। डेढ़ साली की बेटी रहनुमा छप्पर में सोई थी। इस दौरान छप्पर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण दौड़े। आग को बुझाना शुरू किया। किसी तरह से 20 मिनट के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान झोपड़ी में सोई डेढ़ साल की रहनुमा की जलने से मौत हो गई और दूसरी बेटी मिसबा खातून झुलस गई। इसके अलावा झाेपड़ी में बंधी पांच बकरियां झुलसकर मर गई।
आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पक्के मकान के बाहर झोपड़ी में सो रही बच्ची की मौत से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम शैलेश दुबे, सीओ ब्रजेश सिंह, तहसीलदार जनार्दन प्रसाद, एसओ दुधारा पंकज कुमार पांडेय, बाघनगर चौकी प्रभारी संजय यादव, कानूनगो राम अजोर, लेखपाल संजय मिश्रा आदि पहुंच गए।