फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: शाॅर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग, 44 बीघा गेहूं जलकर राख

Sat, 06 Apr 2024 12:30 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संत कबीर नगर
विज्ञापन
कोपिया तिघरा गांव में गेंहू की फसल में लगी आग। संवाद
विज्ञापन
- बघौली क्षेत्र के कोपिया स्थित गेहूं के खेत में लगी आग, आधे घंटे बाद काबू पाया गया
विज्ञापन

- दमकल कर्मियों व ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया

संवाद न्यूज एजेंसी

तिघरा/बखिरा। शुक्रवार की दोपहर में शाॅर्ट सर्किट से कोपिया गांव के सीवान में गेहूं के खेत में आग लग गई। सूचना के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों व ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 30 बीघा फसल जलकर राख हो गई थी। वहीं महुली क्षेत्र के ग्राम काली जगदीशपुर गांव में एक बीघा फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा धनघटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कनैला व भैसहीं व ददरवार गांव में 13 बीघा गेहूं की फसल जल गई। तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आकलन किया और किसानों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
शुक्रवार की दोपहर में तेज हवा चल रही थी। रोजाना की तरह रोस्टिंग थी, लेकिन थोड़ी देर के लिए बिजली आ गई थी। इसी बीच हुई शाॅर्ट सर्किट से कोपिया गांव के सीवान में गेहूं के खेत में आग पकड़ लिया। लोग जब तक कुछ समझ पाते देखते ही देखते आग ने तेज हवा से विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। दमकल को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक दमकल की गाड़ी नहीं आने के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। उसी दौरान दमकल की गाड़ी पहुंच गई और आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
विज्ञापन

आग में संतोष भारती का पांच बीघा, गणेश का आधा बीघा, हरिहर का एक बीघा, राम स्वरूप भारती का ढाई बीघा, राजेश गुप्ता, शिवाकांत भारती, मूलचंद यादव, लालचन्द यादव, अयोध्या गुप्ता, मंगल गुप्ता, हीरा भारती, गणेश यादव, श्रवण यादव, दीनानाथ भारती, दौलत भारती, इंद्रेश यादव का कुल तीस बीघा गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। तहसील प्रशासन की ओर से हल्का लेखपाल ने आग से हुए नुकसान का आकलन किया।



धनघटा क्षेत्र में 14 बीघा फसल जली



धनघटा/लोहरैया। धनघटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कनैला व भैसहीं गांव में लगी आग में 10 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। भैसहीं गांव के सीवान में भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी से पांच बीघे गेहूं की फसल के साथ ट्रैक्टर व भूसा बनाने वाली मशीन भी जल गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। भूसा बनाने वाली मशीन का चालक फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कनैला गांव के सिवान में अज्ञात कारणों से लगी आग में ददरवार गांव निवासी अजय विश्वकर्मा का दो बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गया। आग लगने के बाद आसपास गांवों के ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर अग्निशमन दस्ता भी पहुंच गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वही दोपहर बाद दूसरी घटना भैसहीं गांव के सिवान में हुई। सिवान में सिकरीगंज निवासी पूर्णमासी गुप्ता की स्ट्रा मशीन खेत में भूसा बना रही थी। इसी बीच मशीन में अचानक आग लग गई। खेत से उठ रही आग की लपटें देख ग्रामीण मौके पर बचाव के लिए दौड़े। लेकिन इस बीच आग की लपट आसपास के खेतों में खड़ी आठ बीघे गेहूं की फसल को आगोश में ले लिया। इस बीच भूसा बनाने वाला चालक मौके से फरार हो गया। भैसहीं में लगी आग में विनय कुमार सिंह का ढाई बीघा, जितेंद्र सिंह का दो बीघा, गिरजेश सिंह डेढ़ बीघा, राम जी कहार का आधा बिगहा गेहूं जलकर राख हो गया। रोक के बावजूद भूसा बनाने वाली मशीन के खिलाफ ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पूछे जाने पर तहसीलदार धनघटा योगेंद्र पांडेय ने बताया कि भैंसहीं में लगी आग की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन

वहीं क्षेत्र के ददरवार गांव के पास शुक्रवार को अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में आग लग गई। जिसमें ददरवार गांव निवासी बुद्धु का तीन बीघा गेहूं की फसल जल गई। शुक्रवार की दोपहर में अज्ञात कारणों से उनकी फसल में आग लगी थी। बुद्धु ने बताया कि तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। इसक अलावा महुली क्षेत्र के ग्राम काली जगदीशपुर गांव के निकट शुक्रवार को अज्ञात कारण से गेहूं की फसल में आग लग गई। जिससे गांव निवासी कास्तकार की एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। काली जगदीशपुर गांव निवासी रमेश चौहान पुत्र माकू की खेत में एक बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों की सक्रियता के चलते आग की लपटें आगे नहीं बढ़ सकीं। वरना भारी नुकसान हो सकता था। आग कैसे लगी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें