संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मार्ग दुर्घटना में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस को दिए तहरीर में पीड़ित सूरज त्रिपाठी निवासी ग्राम बधुआ, थाना बखिरा ने बताया कि 18 अप्रैल को रात लगभग 9:00 बजे उनके पिता बजरंगमुरारी एक शोरूम पर नेदुला के पास गार्ड की ड्यूटी कर रहे थे। उसी दौरान वे सामने स्थित होटल के पास गुमटी से सामान लेकर आ रहे थे। जैसे ही वे सड़क के किनारे पहुंचे। बस्ती की तरफ से मोटरसाइकिल चालक दिनेश निवासी आजमपुर थाना कोतवाली खलीलाबाद ने उनके पिता को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पिता को जिला अस्पताल पहुंचाया। मोटरसाइकिल चालक भी टक्कर के बाद गिर गया। उसने पिता को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। संवाद