खलीलाबाद क्षेत्र के बसलोहिया गांव निवासी बिजली मिस्त्री संतोष की हत्या शादी तोड़ने से मना करने की वजह से की गई थी। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बुधवार को पुलिस लाइंस में मंगेतर व उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड का खुलासा किया।
पांच मई को उसका शव आंबेडकरनगर जनपद के बंसखारी क्षेत्र के भटपुरवा गांव में लावारिस हाल में पाया गया था। मंगेतर व उसके प्रेमी ने सहयोगियों की मदद से वायरिंग का काम देने के बहाने बुलाकर हत्या कर शव को आंबेडकरनगर जनपद में ले जाकर फेंक दिया था।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि युवक के पिता जवाहिर पुत्र फौजदार निवासी गांव बसलोहिया थाना कोतवाली खलीलाबाद ने पुत्र संतोष कुमार (25 वर्ष) के लापता होने की सूचना दी थी।
जवाहिर ने बताया कि चार मई की शाम चार बजे घर से बिजली संबंधित सामान लेने के लिए संतोष बाइक लेकर सहयोगी मदन पुत्र सिद्धू के साथ खलीलाबाद गया था।
खलीलाबाद पहुंचने पर संतोष ने मदन को नवीन मंडी गेट पर उतार दिया। संतोष कुछ देर में वापस आने को बोलकर वहां से चला गया, फिर नहीं लौटा। इस मामले में थाने पर गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन की जा रही थी।
इसी बीच थाना क्षेत्र बंसखारी जनपद आंबेडकरनगर में हाईवे के बगल में भटपुरवा खेमपट्टी गांव के पास पांच मई को एक अज्ञात शव मिला। जिसकी शिनाख्त संतोष कुमार के रूप में हुई। थाना कोतवाली खलीलाबाद में संतोष के पिता की तहरीर पर साजिश करके अपहरण व हत्या के आरोप में केस पंजीकृत किया गया था।
मामले में पुलिस टीम का गठन कर घटना का खुलासा करने के लिए लगाया गया था। प्रभारी निरीक्षक अपराध रामेश्वर यादव एवं एसओजी प्रभारी सर्वेश कुमार राय की अगुवाई में पुलिस टीम ने घटना में शामिले आरोपी पंकज प्रजापति पुत्र घनश्याम प्रजापति निवासी आमा टिनिच थाना गौर जनपद बस्ती व सरस्वती पुत्री स्वर्गीय सिद्धनाथ प्रजापति निवासी मकदूमपुर थाना दुधारा को टेमा रहमत चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन, संतोष की बाइक, रस्सी, संतोष का आधार कार्ड, दो गमछा व तीन मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किया। आरोपियाें के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूर्ण करके संबंधित न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।