धनघटा क्षेत्र के बारीडीहा गांव का मामला, गांववालों ने महिला को सुरक्षित बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के बारीडीहा गांव निवासी गर्भवती महिला ने रविवार को तालाब में कूद कर जान देने की कोशिश की। महिला को पानी में कूदता देख गांव के लोग पानी में उतर गए और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गांववालों का कहना है कि 36 वर्षीय सरिता का पति उमेश शराब के नशे में रहता है और पत्नी जब इसका विरोध करती है उसे मारपीट कर चुप करा देता है। शनिवार को देर रात उमेश शराब पीकर घर लौटा और सरिता ने जब देर से लौटने का विरोध किया तो उमेश उसे मारने-पीटने लगा। पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सुबह होते ही फिर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान ही उमेश की पत्नी सरिता गुस्से में घर से निकली और गांव के बगल स्थित तालाब में छलांग लगा दी। पानी में कूदता देख लोग पहुंचे और कुछ लोगों ने पानी में उतरकर सरिता को बाहर खींचा। इस घटना के संबंध में जानकारी से पुलिस ने इनकार किया है।