डुहिया कला के पास राम जानकी मार्ग पर हुआ हादसा
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। जिले के राम जानकी मार्ग पर डुहिया कला गांव के करीब बृहस्पतिवार देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 49 वर्षीय बाइक सवार किसान की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक की विरुद्ध हादसे का केस दर्ज कराया है।
डुहिया कला गांव के पास हादसे की सूचना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए मलौली भेजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने एक घायल को देखते ही मृत घोषित कर दिया। कटार मिश्र गांव निवासी शिव विजय गौड़ का कहना है कि उनके 49 वर्षीय भाई विजय कुमार गौड़ अपने मित्र के साथ महादेवा गोरखपुर गए हुए थे। वह बाइक पर पीछे बैठे थे और बाइक उनके साथी चला रहे थे।
देर शाम जब वह राम जानकी मार्ग पर डुहिया कला गांव के समीप पहुंचे तो पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक समेत उनको चपेट में ले लिया। उनके मित्र थोड़ी दूर जाकर गिरे। जबकि विजय कुमार पहिए के नीचे पड़ गए। उनको उठाकर वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया। जहां देखने के बाद डॉक्टर ने विजय कुमार गौड़ को मृत घोषित कर दिया। विजय कुमार की मौत की सूचना पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
एसओ अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।