धनघटा। महुली क्षेत्र के चोलखरी गांव सिवान में गेहूं के डंठल जलाने के दौरान आग फैलकर कोदवट गांव के सिवान तक पहुंच गई। इसकी चपेट में आकर एक सूअरबाड़ा जलकर राख हो गया। सूअर बाड़े में छोटे-बड़े 11 सूअरों की झुलसने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मुखलिसपुर चौकी की पुलिस ने सूअरों का पोस्टमार्टम कराया।
चोलखरी गांव के सिवान में बृहस्पतिवार को दिन में करीब 12:30 बजे कुछ किसान गेहूं का डंठल जला रहे थे। आग धीरे-धीरे बढ़ते हुए कोदवट गांव के सिवान तक पहुंच गई। वहां स्थित कोदवट गांव निवासी अरुण कुमार के सूअर बाड़े को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण जब तक पहुंचकर आग पर काबू पाते, बाड़े में मौजूद छोटे-बड़े 11 सूअर जलकर मर गए।
अरुण कुमार ने इस संबंध में लिखित सूचना देकर जानवरों सूअरों का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव ने काली जगदीशपुर के पशु चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र चौधरी को बुलाकर पोस्टमार्टम कराया।