बेलहर। खंड शिक्षा अधिकारी बेलहर कलां ज्ञान चंद्र मिश्र ने बृहस्पतिवार को ब्लॉक के पिपरा प्रथम न्याय पंचायत में परिवार सर्वेक्षण कार्य का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सर्वेक्षण का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए। साथ ही उसकी ऑनलाइन फीडिंग भी समय से पूरी हो जानी चाहिए। इसमें लापरवाही बरतने पर शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।
बताते दें कि परिवार के मुखिया से संबंधित विभिन्न ब्योरा जुटाने के लिए इस समय परिवार सर्वेक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है। इस कार्य में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। सर्वेक्षण में मुखिया का नाम, पता, जाति, आयु, लिंग, राशन कार्ड, व्यवसाय, योग्यता, बच्चों की शिक्षा समेत कई बिंदुओं पर जानकारी दर्ज की जा रही है। आदेश के अनुसार यह कार्य 31 मई तक पूरा किया जाना है। सर्वेक्षण की जमीनी हकीकत जानने के लिए बीईओ बेलहर कलां ज्ञान चंद्र मिश्र टीम के साथ ग्राम पंचायत पिपरा प्रथम के टोला सरबसडांड़ी पहुंचे। वहां उन्होंने परिवार की मुखिया इशरावती देवी तथा सुभावती देवी से मुलाकात की।
बीईओ ने दोनों लोगों से सर्वेक्षण कार्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मुखिया के जरिये दी गई जानकारी का सर्वेकर्ता शिक्षकों से मिलान भी किया। इस दौरान एआरपी संदीप राय, नोडल शिक्षक सिराजुद्दीन बदरे आलम, रवि सिंह, ब्रह्मानंद, सुभाष चंद्र आदि मौजूद रहे।