प्रभारी मंत्री ने विकास विभाग के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले की प्रभारी एवं राज्य मंत्री ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग विजय लक्ष्मी गौतम ने बुधवार को निरीक्षण भवन में विकास विभाग के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी गांवों में चौपाल लगाकर लाभार्थी परक योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कहीं कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित तो नहीं है। ऐसा पाए जाने पर पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को चौपाल लगाकर ग्रामीणों को पेंशन सहित अन्य संचालित योजनाओं के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता जल निगम को हर घर नल योजना अंतर्गत सर्वे कर प्रत्येक घर तक पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पानी की पाइपों को सड़क क्रास करवाते समय अक्सर तोड़ कर छोड़ दिए जाते हैं। ऐसा कदापि न करें। उन्होंने सीडीओ को निर्देशित किया कि वे स्वयं समय-समय पर विकास विभाग की ओर से कराए जा रहे कार्यों में प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा करते रहें। डीसी मनरेगा को निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए किसी भी प्रक्रियागत समस्या का अविलंब समाधान कराया जाए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रेरणा कैंटीन खोलने के लिए जागरूक किया जाए।
इस दौरान डीसी मनरेगा जीशान रिजवी, उप कृषि निदेशक लोकेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजय यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. श्वेता त्रिपाठी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी विजयश्री, एक्सईएन जल निगम संजय कुमार आदि उपस्थित रहे।