संतकबीरनगर। महिलाओं के आरक्षण संबंधी नारी शक्ति वंदन बिल पास होने पर बुधवार को भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष उषा पांडेय ने कहा कि बिल पास होना देश के लिए ऐतिहासिक दिन है। महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के अभूतपूर्व एवं दृढ़ता पूर्ण नेतृत्व से संभव हो सका है। नारी शक्ति वंदन बिल सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण का उत्सव है। भाजपा की महिला मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री उर्मिला त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं है, बल्कि गवर्नेंस के केंद्र बिंदु के रूप में मातृ शक्ति की परिकल्पना है। इस दौरान गीता यादव, राजकुमारी, सरिता दुबे, प्रेमलता, शशि लता आदि उपस्थित रहीं।