पीड़ित पिता ने सीएमओ से की शिकायत, डॉक्टर ने एएनएम को लगाई फटकार, इलाज के बाद बच्ची की हालत में आया सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शनिचरा बाजार में कार्यरत एक एएनएम ने शनिवार को 16 महीने की बच्ची को एक्सपायरी डेट की दवा पिला दी। जिससे बच्ची की हालत बिगड़ने लगी तो उसे सीएचसी मलौली ले जाया गया। जहां उसका इलाज डॉक्टर ने किया और हालत में सुधार है। रविवार को पीड़ित पिता ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत कर एएनएम के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
शनिचरा बाजार के लाला पुरवा निवासी सुधाकर वर्मा का आरोप है कि वह अपनी 16 माह की बेटी अद्विका को इलाज के लिए चार अक्तूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शनिचरा बाजार लेकर गया था। जहां एएनएम ने बच्ची को टीका लगाया। उसके बाद अस्पताल से फोलिक एसिड की दवा पिलाई। पीड़ित पिता का आरोप है कि दवा पिलाने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी तो उसे पुनः सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शनिचरा बाजार ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने दवा की शीशी देखा तो वह आठ अगस्त 2023 को एक्सपायर हो चुकी थी। डॉक्टर ने एएनएम को बुलाकर फटकार लगाई और बच्ची को दवा दी, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए। जहां इलाज के बाद बच्ची की हालत में सुधार होता दिखने लगा। रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शनिचरा बाजार में निरीक्षण करने पहुंचे तो उनके आने की जानकारी सुधाकर वर्मा को हुई। सुधाकर वर्मा सीएमओ के पास पहुंचकर बच्ची को एक्सपायरी डेट की दवा पिलाई जाने की शिकायत की। इस पर सीएमओ ने कहा कि इसकी लिखित शिकायती पत्र दें, जिसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ के जवाब से पीड़ित पिता दुखी हुआ। सुधाकर ने आरोप लगाया कि जिले के जिम्मेदार अधिकारी गैरजिम्मेदाराना तरह से बात कर रहे हैं। एएनएम को बुलाकर एक बार पूछताछ भी नहीं कर रहे हैं तो किससे न्याय की उम्मीद की जाए। इस संबंध में केंद्र के अधीक्षक डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि बच्ची को एएनएम के जरिए एक्सपायरी डेट की दवा पिलाए जाने की जानकारी मिली है। पीड़ित ने मौखिक शिकायत सीएमओ से भी की है। लिखित शिकायती पत्र मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।