- तीन माह पहले लोकसभा चुनाव में ठप हुई थी सेवा
- गोरखपुर व बस्ती से करनी पड़ रही यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद से प्रयागराज व वाराणसी के लिए चल रही बस सेवा अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। लोकसभा चुनाव से पहले ठप हुई रोडवेज बस सेवा तीन माह बाद भी संचालित नहीं हो सकी है, जिसके चलते यात्रियों को गोरखपुर और बस्ती से यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हालांकि विभागीय अधिकारी की माने तो 15 सितंबर के बाद से दोबारा रोडवेज बस का संचालन शुरू हो जाएगा।
शहर के मेंहदावल बाईपास ओवरब्रिज से बनारस व प्रयागराज के लिए सीधी बस सेवा का संचालन होता था, जो मुखलिसपुर-धनघटा होते हुए जाती थी। इससे यात्रियों को इस जगह से वाराणसी और प्रयागराज जाने में सहूलियत मिलती थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान बसों को मतदान कराने के लिए भेज दिया गया। तीन माह बीतने के बाद भी अब तक बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
विभागीय जिम्मेदार कई बार जल्द ही बस सेवा संचालन का दावा किए। साथ ही नई बस आने और फिर से बनारस व प्रयागराज के लिए रोडवेज बस संचालन का आश्वासन देते रहे, लेकिन अभी तक रोडवेज बस का संचालन दोबारा नहीं हो सका।
जनपद से बनारस और प्रयागराज जाने के लिए यात्रियों को बस्ती अथवा गोरखपुर जाकर बस पकड़ना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। वही परिवहन निगम के जिम्मेदार अधिकारी भी बस संचालन के प्रति उदासीन बने हैं।
15 सितंबर के बाद से बनारस और प्रयागराज के लिए रोडवेज बस सेवा का संचालन शुरू करवा दिया जाएगा, जिसके बाद यात्रियों को परेशानी नहीं होगी।
- आयुष भटनागर, एआरएम