- सिकरीगंज के पास हुआ हादसा, घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। रामजानकी मार्ग स्थित लोहरैया चौराहे के पास सोमवार देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग दोनों घायलों को सीएचसी मलौली भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
धनघटा क्षेत्र के बारीडीहा गांव निवासी 22 वर्षीय अभय पुत्र जगदीश, लोहरैया निवासी 20 वर्षीय रहीम पुत्र नूर मोहम्मद और गोरखपुर जिले के सिकरीगंज क्षेत्र के गोर्रा गांव निवासी 20 वर्षीय विकास पुत्र अशोक इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। तीनों युवक एक ही बाइक से परीक्षा देने सिकरीगंज के पास स्थित एक परीक्षा केंद्र पर गए थे।
परीक्षा देकर तीनों युवक एक ही बाइक से लौट रहे थे। लोहरैया चौराहे के समीप पहुंचे ही थे। उसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों छात्र घायल हो गए। घटना के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोग तीनों घायलों को एबुलेंस से सीएचसी मलौली भेजवाएं,जहां देखते ही डॉक्टरों ने रहीम को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल अभय और विकास को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि हादसे में रहीम की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। जबकि रेफर हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।