-जिले में आशा के जरिए बनाई जा रही आभा आईडी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत केंद्र सरकार ने आभा आईडी बनाने का अभियान शुरु किया है। इसके तहत आभा कार्ड में प्रत्येक व्यक्ति का अपना स्वास्थ्य खाता तैयार होगा। इसमें व्यक्ति के स्वास्थ्य से संबंधित सभी रिकाॅर्ड उपलब्ध रहेगा।
भविष्य में इस आभा आईडी से देश के सभी अस्पतालों के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को जोड़ा जाएगा। आभा आईडी के जरिये अस्पताल में पर्ची बनाना, लैब की रिपोर्ट और स्वास्थ्य संबंधी सभी जानकारियां सब कुछ उपलब्ध होंगे।
सीएमओ डॉ.रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि जिले में आभा आईडी बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं ने लगाया गया है। आभा आईडी बनाने के लिए ऑन और ऑफलाइन व्यवस्था की गई है। बताया कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर आभा आईडी बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी सहयोग की अपील की है। आभा कार्ड बनने से लोग स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
आभा आईडी के फायदे
आभा आईडी के कई फायदें हैं। अस्पताल से मिलने वाली पर्ची, रिपोर्ट व अन्य दस्तावेज इस आभा आईडी में ही सुरक्षित रहेंगे। बड़े अस्पतालों में भी आधार की जगह आभा आईडी मान्य होगा। आभा आईडी में स्वास्थ्य से संबंधित डाटा फीड रहेंगे, इलाज के दौरान आभा आईडी के आधार पर चिकित्सक संबंधित का पूरा ब्यौरा जान सकेंगे। यानी कौन सी बीमारी है और कौन सी जांच हुई, जिससे कि तत्काल इलाज शुरू की जा सके।
मरीज के रेफर होने पर डाटा भी हो जाएगा ट्रांसफर
यदि किसी मरीज को गंभीर रूप से अस्पताल लाया गया और उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया जाता है तो संबंधित मरीजों के स्वास्थ्य की जांच सहित पूरा ब्यौरा भी ऑनलाइन भेज दिया जाएगा, ताकि मरीज के इलाज में किसी प्रकार की देरी न होने पाए।