पौली क्षेत्र में सात विद्यालय बिना मान्यता के चल रहे हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। पौली क्षेत्र में करीब सात विद्यालय बिना मान्यता के चल रहे हैं। ऐसे में विद्यालयों में मनमानी फीस एवं तरह-तरह के शुल्क लिए जाने से अभिभावकों का शोषण हो रहा है। वही परिषद विद्यालयो पर बच्चो की संख्या पर असर पड रहा है। इसके बावजूद इस पर रोक नहीं लगाई जा रही है।
शासन के निर्देशानुसार शिक्षा क्षेत्र पौली में लगभग एक माह पहले बीईओ जनार्दन यादव ने क्षेत्र में संचालित हो रहे गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का निरीक्षण किया था। इस दौरान पौली में संचालित करीब छह विद्यालयों को नोटिस देकर बंद करने के निर्देश दिए थे। लेकिन आज तक नोटिस दिए गए विद्यालयों पर कुछ असर नहीं पड़ा। विद्यालय पहले की तरह ही चल रहे हैं। जिससे क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के अभिभावकओं में आक्रोश व्याप्त है।
अभिभावक विवेक, समुल्लाह, कदरे, ध्रुव नारायण आदि का कहना है कि विभागीय जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयो पर् अंकुश नहीं लग रहा है। जिससे परिषदीय विद्यालयों पर खराब असर पड़ रहा है। इस संबंध में बीईओ जनार्दन यादव ने बताया कि जिन विद्यालयों को नोटिस देकर बंद करने को कहा गया था अगर वह बंद नहीं किए है तो फिर से निरीक्षण कर विद्यालय बंद कराया जाएगा।