अक्सर लग रहा जाम, परेशानी झेल रहे राहगीर, पटरियों पर दुकानदारों व ठेले वालों का कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के बैंक चौराहे से लेकर शुगर मिल रोड तक सड़क का चौड़ीकरण कराया गया है। इससे पटरियां संकरी हो गई हैं। जहां पटरियां हैं, वहां दुकानदारों ने अतिक्रमण कर कब्जा कर लिया है। कहीं ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने वाहन खड़े रहते हैं तो कहीं नालियों पर कब्जा होने से वहां साफ-सफाई तक नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण और कब्जा हटाया जाए ताकि जाम व सफर में होने वाली दुश्वारियाें से राहत मिल सके।
बैंक चौराहा से शुगर मिल रोड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास सड़क के दोनों तरफ पटरियों पर अतिक्रमण का बोलबाला है। सड़क पर दुकानें लग रही हैं। बगल में राजकीय कन्या इंटर काॅलेज है। इसके आसपास कब्जा हो गया है। स्कूल में छुट्टी होने के दौरान यहां जाम लग जाता है। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
सीएचसी गेट के सामने ऑटो व ई-रिक्शा वाले हमेशा जमे रहते हैं। इन्हें कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन चालकों की मनमानी बनी हुई है। इसके आगे लिट्टी-चोखा व ठेले वालों का कब्जा है।
जूनियर हाईस्कूल के सामने दुकानें लग रही हैं। कुछ लोगों ने तो छाजन डालकर कब्जा कर रखा है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जल निकासी के लिए बनाई गईं नालियों पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे नालियों की सफाई तक नहीं हो पा रही है।
शुगर मिल चौराहे पर भी जगह-जगह अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके कारण तितौवा जाने वाले मार्ग पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
शहर के निवासी शिवानंद, जयकरन आदि ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए कोई पहल न होने से समस्या गंभीर होती जा रही है। इन लोगों ने कहा कि अतिक्रमण व कब्जा हटे तो लोगों को राहत मिल सकती है।
ऑटो व ई-रिक्शा भी बढ़ा रहे समस्या
शहर में चलने वाले ऑटो व ई-रिक्शा चालक जहां मन कर रहा है, वहां वाहन खड़ा कर सवारियां बैठाते हैं। इसके कारण समस्या और गंभीर हो गई है। इसके साथ ही सड़क चौड़ीकरण के चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे सड़क पर आ गए हैं। इसकी आड़ में दुकानें लग रही हैं।
चलेगा अभियान, हटेगा अतिक्रमण
शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। जो लोग सड़क तक कब्जा किए हुए हैं, वे लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें। अभियान के दौरान कब्जा मिलने पर सामान जब्त कर लिया जाएगा।
-जगत जायसवाल, चेयरमैन नगर पालिका परिषद खलीलाबाद