अक्सर लगता है जाम से परेशान हो रहे लोग
पटरियों पर लगती हैं सब्जी की दुकानें, ठेले वालों का भी कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के नेहरू चौक से लेकर गायत्री मंदिर तक सड़क की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण की भरमार है। सड़क तक दुकानें लग रहीं है। इसके कारण अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस मार्ग पर कहीं सड़क के किनारे ट्रांसफाॅर्मर लगे हैं तो कहीं पोल। इसकी आड़ में सड़क तक कब्जा कर लिया गया है।
शहर के नेहरू चौक पर फल विक्रेताओं ने ठेला लगा रखा है। यहां तक कि नेहरू की प्रतिमा के आसपास भी कब्जा कर लिया गया है। इसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इससे आगे पटरियों पर सब्जी मंडी लगती है। इससे पटरियों पर कहीं पर भी जगह नहीं दिखती है।
सब्जी लेने आने वाले लोग सड़क पर खड़े होकर खरीदारी करते हैं। यही नहीं जो लोग वाहन से आते हैं। वह लोग वाहन सड़क पर ही खड़ा कर दे रहे हैं। इससे जाम की समस्या आए दिन बनी रहती है। इसमें फंसकर लोगोंं को घंटों समय बर्बाद करना पड़ता है। सड़क के किनारे ट्रांसफाॅर्मर व बिजली के पोल लगे हुए हैं।
इसकी आड़ में सड़क तक दुकानें लग रही हैं। इसके बाद भी पालिका प्रशासन अतिक्रमण हटाने को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है।
ई-रिक्शा व ऑटो वालों ने कर रखा है कब्जा
शहर के नेहरू चौक से लेकर गायत्री मंदिर तक कई जगह ई-रिक्शा व ऑटो वालों का कब्जा रहता है। यहां से ई-रिक्शा व ऑटो चालक मगहर सहित अन्य स्थानों के लिए वाहनों में सवारियां बैठाते हैं। इससे समस्या और गंभीर हो गई है।
इस क्षेत्र के निवासी सुनील कुमार, दीनदयाल आदि का कहना है कि अतिक्रमण व ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी से काफी दिक्कत हो रही है। ऐसे में अतिक्रमण व कब्जा हटाया जाना आवश्यक है। ताकि लोगों को राहत मिल सके।
चेतावनी का नहीं दिख रहा असर
नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी है कि दुकानें पीछे लगाएं, ताकि जाम की समस्या न हो। इसका असर यहां देखने को नहीं मिल रहा है। लोग अतिक्रमण व कब्जा बनाए हुए हैं।
जल्द हटाया जाएगा अतिक्रमण
शहर के नेहरू चौक के पास ठेला लगाने वालों के लिए ओवरब्रिज के नीचे व्यवस्था करने की योजना तैयार की गई है। इसके साथ ही सड़क की पटरियों से अतिक्रमण हटाने के लिए जल्द ही कदम उठाए जाएंगे।
-जगत जायसवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद खलीलाबाद