-सेमरियावां ब्लॉक सभागार में ग्राम रोजगार सेवकों ने की बैठक
- 23 अगस्त को आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। बृहस्पतिवार को विकास खंड सेमरियावां सभागार में ग्राम रोजगार सेवक एकता संघर्ष समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा रोजगार सेवकों के सम्मेलन में की गई घोषणाओं पर शासनादेश दो वर्ष बीत जाने के बाद भी जारी नहीं होने पर नाराजगी जताई।
बैठक के बाद जिलाध्यक्ष प्रदीप पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ विजय सिंह से मिलकर वार्ता की। इस दौरान तय किया गया है कि 22 अगस्त तक मनरेगा योजना की आईडी व पासवर्ड रोजगार सेवकों को न दिया गया तो 23 अगस्त को आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चार अक्टूबर 2021 को लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मनरेगा कर्मियों का सम्मेलन हुआ था। रोजगार सेवकों ने मनरेगा कर्मियों के लिए एचआर पालिसी एक माह में लाने, ग्राम रोजगार सेवकों की सेवा समाप्ति से पहले उपायुक्त मनरेगा की सहमति लेने, ग्राम रोजगार सेवकों के जाॅब चार्ट में ग्राम्य विकास विभाग के अन्य कार्यों को जोड़े जाने आदि की मांग की थी।
इस दौरान बृजेश यादव, आराधना चौधरी, विनोद कुमार, अखिलेश, राम नरेश, नूर मोहम्मद, राजकुमार गुप्ता, मनोज कुमार, अनिल कुमार, सुबोधकांत, शैलेष कुमार, लालचंद आदि मौजूद रहे।