संतकबीरनगर। जिला सेवायोजन कार्यालय, कौशल विकास मिशन एवं राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में 23 मई को सुबह साढ़े दस बजे से तीन बजे तक राजकीय आईटीआई परिसर चकदही में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां लगभग 150 रिक्तियों के साथ प्रतिभाग करेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी शैलेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया है कि मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष तथा शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, कौशल विकास मिशन योजनांतर्गत प्रशिक्षित आदि में उत्तीर्ण होनी चाहिए। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए सेवायोजन विभाग के वेब पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थी लॉगिंग करके नियोजकों व उनके यहां उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ समस्त शैक्षिक प्रमाणपत्र, दो फोटो एवं बायोडाटा के साथ कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए मेले में शामिल होे सकते हैं। रोजगार मेला में सम्मिलित होने के लिए प्रतिभागियों को कोई मार्ग-व्यय देय नही होगा। इच्छुक अभ्यर्थी किसी प्रकार की जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।