मेंहदावल कस्बे से सटे राजाबारी गांव में छाया अंधेरा
- सूचना के बाद भी नहीं दुरुस्त हुई बिजली आपूर्ति
- लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर पंचायत से सटे राजाबारी गांव में 200 घरों की बिजली आपूर्ति 24 घंटे से ठप है। शनिवार को सुबह 11 बजे आपूर्ति बाधित हुई तो उपभोक्ताओं ने विद्युत सब स्टेशन पर शिकायत की। इसके बावजूद रविवार को शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इसके कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है।
मेंहदावल नगर पंचायत के पुरवा वार्ड के ग्राम राजाबारी में शनिवार को करीब 11 बजे अचानक विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। जितेंद्र कुमार, आनंद पांडेय, रामचंद्र पांडेय, मनोज प्रजापति आदि लोगों ने विद्युत सब स्टेशन मेंहदावल पर शिकायत दर्ज कराई। देर शाम बिजलीकर्मी बाधित आपूर्ति को दुरुस्त करने पहुंचे, लेकिन फाल्ट नहीं ढूंढ पाए।
रविवार को पूरे दिन बिजली नहीं मिली, जिससे दिनचर्या प्रभावित रही। लोगों के इनवर्टर जवाब दे गए। पानी की टंकी खाली हो गई। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए लोगों को भटकना पड़ा। हालात ये हो गए कि लोग नहाने के लिए भी पानी के लिए भटकते रहे। पूरे दिन बिजली निगम के कर्मियों से बिजली फाल्ट बनाने की बात करते रहे। लेकिन रविवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई।
उपभोक्ता कमलेश गुप्ता, वेद कुमार पांडेय, सौरभ पांडेय, संजय पांडेय, चंद्रभान शर्मा, राघवेंद्र दुबे, हरीश दूबे, सुरेश शर्मा आदि लोगों का कहना है कि बिजली फाल्ट की शिकायत दर्ज करने के बाद भी विद्युत सब स्टेशन मेंहदावल फाल्ट की समस्या को दूर नहीं कर पाया। जिसके कारण पूरी रात गांव के लोगों को अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
इस संबंध में अवर अभियंता अभियंता मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि बिजलीकर्मी फाल्ट ढूंढने में लगे हुए हैं, जैसे ही फाल्ट की जगह चिह्नित हो जाएगी, उसे ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।