- शटरिंग के दौरान करंट लगने से राजमिस्त्री की हुई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग स्थित राजाबारी मोहल्ले में शुक्रवार को शटरिंग के दौरान करंट से राजमिस्त्री इंद्रजीत यादव की मौत के मामले में बिजली निगम ने मकान मालिक के खिलाफ मेंहदावल पुलिस को तहरीर दी है। इस मामले में मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।
मेंहदावल पुलिस को दी तहरीर में बिजली निगम के अवर अभियंता मनोज कुमार श्रीवास्तव ने लिखा है कि बिना विभागीय अनुमति के तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए मेंहदावल के राजाबारी में एक व्यक्ति द्वारा शटरिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसके कारण अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत हो गई। इस पूरे प्रकरण में बिजली निगम से बिजली बाधित कराने की अनुमति भी नहीं ली गई। इससे हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित होने के बाद भी शटरिंग का कार्य कराया गया।
अवर अभियंता मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मेंहदावल पुलिस को तहरीर दी गई है, पूरे मामले में केस दर्ज करने की मांग की गई है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल रामकृष्ण मिश्र ने कहा कि बिजली निगम की तरफ से तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई होगी।