ऊर्जा मंत्री के साथ हुए समझौते को लागू करने की मांग
आज से 72 घंटे की सांकेतिक हड़ताल की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। ऊर्जा मंत्री के साथ हुए समझौते को लागू करने की मांग को लेकर विद्युत कर्मियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार कर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दिया। विद्युत कर्मियों ने एलान किया कि 16 मार्च की रात दस बजे से 72 घंटे की सांकेतिक हड़ताल करेंगे।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर विद्युत कर्मी, जूनियर इंजीनियर और संविदा कर्मी अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना पर बैठ गए। संयोजक मनोज कुमार ने कहा कि ऊर्जा निगमों में चेयरमैन व प्रबंध निदेशक के पदों पर समुचित चयन के बाद ही नियुक्त की जाए। बिजली कर्मियों को पूर्व की तरह नौ, 14 एवं 19 वर्ष की सेवा के बाद पदोन्नति पद का समयबद्ध वेतनमान दिया जाए, कैश लेस इलाज की सुविधा दी जाए।
उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर वर्कशॉप का निजीकरण एवं पारेषण विद्युत उपकेंद्रों के परिचालन एवं अनुरक्षण के आउट सोर्सिंग के आदेश निरस्त किए जाएं। पुरानी पेंशन की व्यवस्था लागू की जाए। कर्मियों की सुरक्षा के लिए प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। विद्युत कर्मियों ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की और कहा कि ऊर्जा मंत्री के साथ हुए लिखित समझौते को लागू किया जाए।
धरना में शशिभूषण, पंकज कुमार, अरुण गुप्ता, प्रेम प्रकाश वर्मा, लक्ष्मण मिश्र, अवनीश कुमार, धनंजय सिंह, भानुप्रताप, चंद्रभूषण, बेचन प्रसाद, सन्नी देवोल प्रताप, राम करन यादव आदि शामिल रहे।