मगहर। नगर निकाय चुनाव के नतीजे आने के साथ ही अनवरी बेगम एक बार फिर अध्यक्ष चुनी गईं हैं। इससे पूर्व 2007 में चेयरमैन रह चुकी हैं। अनवरी बेगम ने 2023 के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पुन: किस्मत आजमाई, और भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं नीरज गुप्ता फूलचंद को करीब 1600 से अधिक मतों से पराजित कर चेयरमैन पद पर कब्जा कर लिया।
नगर पंचायत मगहर में कुल 15634 मतदाताओं ने नगर निकाय चुनाव में अपने मत का प्रयोग किया। विजयी प्रत्याशी अनवरी बेगम के पूर्व चेयरमैन होने के साथ ही उनके पति नूरुज्जमा अंसारी भी 2002 में चेयरमैन पद पर रह चुके हैं। इस बार चेयरमैन के लिए मगहर में कुल 10 उम्मीदवार ने भाग्य आजमाया।
चेयरमैन की निर्दलीय प्रत्याशी अनवरी बेगम पत्नी नूरुज्जमा ने भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ीं नीरज गुप्ता फूलचंद पत्नी पूर्व चेयरमैन अश्वनी गुप्त व निवर्तमान चेयरमैन भाजपा प्रत्याशी संगीता वर्मा को मात देकर चेयरमैन की कुर्सी पर काबिज हुईं। अनवरी बेगम को जहां 4986 वोट मिले वहीं 3334 वोट पाकर नीरज गुप्ता फूलचंद दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भाजपा प्रत्याशी संगीता वर्मा को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
0000000000000000000000000000000000
नगर का होगा चहुंमुखी विकास : अनवरी बेगम
मगहर। नवनिर्वाचित चेयरमैन अनवरी बेगम ने चुनाव जीतने के बाद नगर की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर का चहुंमुखी विकास करना है। इसमें जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, नाले-नाली की समस्या को दूर करना, विद्युत व्यवस्था आदि के साथ ही शहर को साफ-सुथरा करना शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को बगैर किसी भी भेदभाव के धरातल पर उतारकर आमजन मानस को लाभ पहुंचाने के लिए कार्य किया जाएगा। यह कबीर की नगरी है, सबका विकास हो, यह कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी नगर का एक हिस्सा रेलवे लाइन के पार है, जो मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। इस समस्या से निजात दिलाना प्राथमिकता में होगा। रेलवे पुलिया के रास्ते का निर्माण रेलवे विभाग से वार्ता कर कराया जाएगा। बस स्टापेज, एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव आदि के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। कहा कि नगर के विकास के लिए बोर्ड के साथ समन्वय बनाकर कार्य कराए जाएंगे।