संतकबीरनगर। नगर निकाय चुनाव को सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेक्षक पवन अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें चुनाव से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई।
एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि एक नगर पालिका सहित सात नगर पंचायतों में चुनाव होना है। इसको लेकर तैयारी पूरी की जा चुकी है। सीडीओ संत कुमार ने चुनाव में कार्मिकों की व्यवस्था, ड्यूटी एवं प्रशिक्षण आदि के विषय में अवगत कराया। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने निर्वाचन के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पुलिस बल की उपलब्धता, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी सहित अन्य संबंधित बिंदुओं के विषय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनपद में पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम कर लिए गए हैं। कहीं से किसी प्रकार की शिकायत का तत्काल निराकरण कराए जाने हेतु आश्वस्त किया।
प्रेक्षक पवन अग्रवाल ने कहा कि विभिन्न व्यवस्थाओं में लगाए गए राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमणशील रहकर निर्वाचन प्रक्रिया पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें, ताकि किसी भी समस्या आदि का समय पर निराकरण किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया को निर्भीक वातावरण में निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर सीएमओ डॉ. अनिरूद्ध कुमार सिंह, एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी, एसडीएम रमेश चन्द्र, एसडीएम योगेश्वर सिंह, एसडीएम डॉ. रवींद्र कुमार, सीओ दीपांशी राठौर, वरिष्ठ कोषाधिकारी जगनारायण झा, प्रभारी डीडीओ जीशान रिजवी, पीडी प्रभात द्विवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ल, एआरटीओ आंजनेय सिंह, डीपीआरओ पीके यादव समेत अन्य मौजूद रहे।