संतकबीरनगर। नाथनगर ब्लाॅक क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुकुंदपुर में हर घर नल योजना के जरिये आठ सौ परिवारों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने का कार्य जारी है। जलापूर्ति का कार्य करा रही कार्यदायी संस्था की मानें तो इस साल के अंत तक आपूर्ति का कार्य पूरा हो जाएगा।
केंद्र सरकार की जल शक्ति मिशन के जरिये हर परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की कोशिश के तहत नाथनगर ब्लाॅक के मुकुंदपुर ग्राम पंचायत में पेयजल परियोजना का कार्य चल रहा है। प्रदेश सरकार की हर घर नल योजना से जोड़ने का जिम्मा कार्यदायी संस्था जल निगम के जरिए मेघा कंपनी संभाल रही है। इसके लिए गांव के घरों तक सप्लाई पाइप बिछाने और घर घर टोंटी लगाने का काम पूरा हो चुका है। ट्यूबवेल और सोलर सिस्टम लगाने का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है। वाटर हेड टैंक बनाने के लिए खोदे गड्ढे में पानी भर जाने से फाउंडेशन के काम में देरी हो रही है।
स्थानीय भाजपा नेता हेमंत चतुर्वेदी के प्रयास से परियोजना को स्वीकृति मिली थी।उन्होंने बताया कि परियोजना का कार्य इसी साल के अंत तक पूरा हो जाएगा। नए साल में गांव के हर घर को शुद्ध पेयजल मिलना शुरु हो जाएगा। इसके लिए निर्माण कार्य का जिम्मा देख रही संस्था ने कार्य भी तेज कर दिया है। गांव निवासी हरिकेश चतुर्वेदी, उमाशंकर शुक्ल, राजेश्वर शुक्ल ने बताया कि इस योजना से हर परिवार को पीने के लिए साफ पानी मिलेगा। शुद्ध पेयजल से लोगों को कई जल जनित बीमारियों से छुटकारा भी मिलेगा।
जल निगम के एक्सईएन संजय जायसवाल ने बताया कि कार्य प्रगति पर है। दिसंबर में यह परियोजना पूर्ण हो जाएगी।