ईदुल-अजहा पर्व के मद्देनजर अधिशाषी अधिकारी वैभव सिंह,चेयरमैन प्रतिनिधि नूरुज्जमा अंसारी ।संवाद
मगहर। ईद-उल-अजहा पर्व को देखते हुए बुधवार को नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि नूरुज्जमां अंसारी और अधिशाषी अधिकारी वैभव सिंह ने सभासदों के साथ ईदगाहों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई कराने के साथ ही अन्य सुविधाओं के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए।
अधिशाषी अधिकारी वैभव सिंह ने कहा कि त्योहार के मौके पर नगर पंचायत मगहर की तरफ से दोनों ईदगाहों पर आने-जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई व्यवस्था के साथ चूने और पानी के छिड़काव की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही पेयजल आदि सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी। चेयरमैन प्रतिनिधि ने कहा कि त्योहार पर सभी का सहयोग जरूरी है। हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि जनमानस का ख्याल रखते हुए त्योहार को खुशी व सौहार्दपूर्वक ढंग से मनाएं।
उन्होंने त्योहार पर नगरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस दौरान सभासद रईस आलम, अमीनुल कादरी, अब्दुल कलाम, मो.असअद, सुहेल अख्तर, मोहम्मद अली, अहमद आलम, मेंहदी हसन, भोलू पासवान आदि मौजूद रहे।