संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्रों के नाम, माता-पिता के नाम में गलती है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले के 32 स्कूलों को अपने- अपने छात्रों के नामों को सही कराने के लिए 16 जून तक का समय दिया है। उसके बाद बोर्ड से मार्कशीट जारी हो जाएगी, अगर नाम सही नहीं हुआ तो गलत नाम से मार्कशीट मिलेगी, जिसे बाद में सही कराने में समस्या उठानी पड़ सकती है। इसके लिए बाकायदा डीआईओएस कार्यालय पर 14 जून तक शिविर लगाया जा रहा है।
डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का अंक पत्र व सह प्रमाणपत्र तैयार किया जा रहा है। जिसमें छात्रों के प्रपत्रों में गड़बड़ी आ रही है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद के गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने 16 जून तक नामों को सही कराने को कहा है, जिससे की अंक पत्र व सह प्रमाणपत्र में कोई त्रुटि न रहे।
उन्होंने बताया कि जिले के 32 विद्यालयों के कुछ छात्रों के नाम, पिता के नाम, जन्म तिथि आदि में अंतर आ रहा है। इसके लिए डीआईओएस कार्यालय पर शिविर लगाया जा रहा है। जो 16 जून तक चलेगा। शिविर में संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य आकर छात्रों के अभिलेखों से मिलान कर लें। गलती है तो उसे सही करा लें। यदि इसमें लापरवाही बरती और छात्रों के नामों को सही नहीं कराया तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य की होगी।