नशे में पिता ने दिव्यांग बेटे के सिर पर ईंट से किया प्रहार, मौत
पत्नी ने आरोपी पर दर्ज कराया गैर इरादतन हत्या का केस
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा(संतकबीरनगर)। बृहस्पतिवार देर रात मूड़ाडीहा गांव में शराब पीने से मना करने पर पिता ने दिव्यांग बेटे के सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। आरोपी पर पत्नी की भी पिटाई का आरोप है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया।
पीड़ित मां आशा देवी का आरोप है कि पति सुभाष शराब पीने के आदी हैं। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे पति नशे में घर पहुंचे। उसे और 22 वर्षीय बेटे सतीश चंद्र ने शराब पीने का विरोध किया। आरोप है कि पति उसकी पिटाई करने लगे। मां की पिटाई देखकर दिव्यांग बेटा बचाव में आया तो उस पर ईंट से हमला कर दिया। इससे बेटे के सिर में गंभीर चोटें आईं। वह अचेत हो गया।
परिजन आननफानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए, जहां दिव्यांग सतीश को देखने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पीड़ित मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि आरोपी पिता सुभाष पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अब तक जांच में पता चला है कि आरोपी शराब पीकर अक्सर घर के सदस्यों से विवाद करता था। परिवार के लोग शराब पीने पर एतराज जताते थे।