महुली थाना क्षेत्र के चंदापार गांव में कुएं में गिरा युवक।संवाद
महुली क्षेत्र के चंदापार गांव में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के चंदापार गांव में बुधवार दोपहर नशे में एक युवक कुएं में गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवक को कुएं से बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया।
महुली क्षेत्र के चंदापार गांव निवासी फुलास मिश्र का 30 वर्षीय बेटा ओम प्रकाश मिश्र होली पर्व पर शराब के नशे में होली खेलने के बाद घर लौट रहा था। उसी दौरान युवक सड़क किनारे स्थित एक कुएं में गिर गया। युवक के गिरने की सूचना गांव के लोगों ने मुखलिसपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेकानंद तिवारी को दिया। चौकी प्रभारी ने इसकी सूचना बगल के गांव में भ्रमण पर कांस्टेबल संजय प्रसाद, अमित कुमार व मुकेश यादव को दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने गांव वालों के सहयोग से युवक को बाहर निकलवाकर उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। चौकी प्रभारी विवेकानंद तिवारी ने बताया कि चंदापार गांव निवासी ओमप्रकाश मिश्र शराब के नशे में गांव स्थित कुएं में गिर गया था। उसे कुएं से निकालकर उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर भिजवाया गया।