पति, ससुर समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा
पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई
बखिरा(संतकबीरनगर)। क्षेत्र के खुखुंडा गांव में विवाहिता की संदिग्ध हाल में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम पति समेत चार ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस यह कार्रवाई पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर की है।
बस्ती जिले के रुधौली क्षेत्र के डड़वा निवासी पीड़ित पिता अंगद चौधरी ने तहरीर में कहा है कि 15 मई 2022 को बेटी शालिनी चौधरी की शादी बखिरा क्षेत्र के खुखुंडा निवासी अरुण चौधरी पुत्र विशंभर नाथ के साथ की थी। उन्होंने डेढ़ लाख रुपये नकद, दहेज में अन्य सामान व दामाद को सोने की चेन व चार सोने की अंगूठी दी थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी के पति, सास, ससुर व जेठानी कम दहेज लाने की बात अक्सर कहते थे। बेटी अक्सर ससुरालियों के गलत बर्ताव की चर्चा करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज के लिए 18 अक्तूबर की रात पति समेत चार लोगों ने मिलकर उनकी बेटभ् की हत्या कर दी।
आरोप है कि मौत को आत्महत्या का शक्ल देने की साजिश की गई। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता अंगद चौधरी की तहरीर पर आरोपी पति अरुण, ससुर विश्वंभर, सास व जेठानी पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।