- ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने पुलिस से की शिकायत
- धनघटा पुलिस ने आजमगढ़ निवासी ससुरालियों पर कार्रवाई शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र निवासी विवाहिता ने ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। उसकी शादी आजमगढ़ जनपद में हुई है। ससुराली उसे एक लाख रुपये नकद और बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने मामले में छह ससुरालियों पर केस दर्ज किया है।
धनघटा क्षेत्र निवासी अफसाना खातून ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी लगभग छह वर्ष पूर्व सलीम अहमद पुत्र मोहम्मद इसराइल निवासी ग्राम परशुरामपुर टोला सराय काजी थाना महराजगंज जनपद आजमगढ़ के साथ हुआ था। वर्तमान में उसके पास पांच व तीन वर्ष के दो बच्चे हैं। शादी के बाद से ही पति सलीम अहमद, ससुर मोहम्मद इसराइल, सास फरीदा खातून, ननद अफसाना, रूकसाना व फज्जो सभी लोग मिलकर एक लाख रुपये नकद व एक बाइक की मांग करते रहे।
मांग पूरी न होने पर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए मारपीट की। सात माह पूर्व पति ने बिना पूछे परिवार के साथ मिलकर दूसरी शादी कर ली। ससुराली गाली देते हुए मारपीट कर बच्चों के साथ घर से भगा दिए। ससुरालियों के डर से वह मायके में रहने के लिए मजबूर है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर मारपीट, धमकी व दहेज उत्पीड़न का केस दर्जकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।