- मंगलवार को सीएचसी मेंहदावल में भिड़ गए थे दो चिकित्सक
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल में मंगलवार को दो चिकित्सकों के बीच हुए विवाद का मामले ने तूल पकड़ लिया है। सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया ने मामले में जांच का आदेश दिया है। विवाद में संलिप्त दोनों चिकित्सकों को सीएमओ ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
मेंहदावल सीएचसी में एक महिला मरीज प्रसव के लिए आई थी। चर्चा है कि महिला मरीज को जबरन एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए ले जाने पर विवाद हुआ। सीएचसी प्रभारी ने चिकित्सक से इस बाबत पूछताछ किया तो वह बिफर पड़े। इस दौरान दोनों चिकित्सकों में जमकर कहासुनी हुई। बात बिगड़ती इससे पूर्व लोगों ने मामले को संभाल लिया। बंद कमरे में दोनों के बीच में पंचायत हुई। आपसी सुलह समझौते के आधार पर मामले को निपटाया गया। इस पूरे घटनाक्रम की खबर अमर उजाला ने प्रकाशित किया। जिसका संज्ञान लेकर उच्चाधिकारियों ने पूरे प्रकरण में जांच का आदेश अपर सीएमओ स्तर के अधिकारी को दिया है।
दोनों चिकित्सकों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है। जांच पूरा होने व नोटिस का जवाब मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार का व्यवहार माफ नहीं किया जाएगा।
- डाॅ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ