डाॅक्टर की पिटाई के बाद फूंकी गई बाइक।
रोसया बाजार। धनघटा क्षेत्र के दीपपुर गांव के पास शनिवार देर रात क्लीनिक से घर जा रहे प्राइवेट चिकित्सक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने चिकित्सक की बाइक में आग लगा दी। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पुलिस पहुंची और पीड़ित को लेकर पुलिस चौकी पौली चली गई, जबकि हमला करने वाले आरोपी भाग निकले। बाद में इस मामले में दोनों पक्षों ने सुलह कर ली।
क्षेत्र के लौकिहा गांव निवासी विजय सेन का कहना है कि शनिवार की रात करीब 9:30 बजे बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर बाजार में स्थित अपनी क्लीनिक बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ सहयोगी नागेंद्र कुमार भी थे। जब धनघटा क्षेत्र के दीपपुर गांव के पास पहुंचे ही थे, उसी दौरान दीपपुर गांव निवासी कुछ लोग रास्ते में उनकी बाइक रोककर डॉक्टर तथा उनके सहयोगी को पीटने लगे।
डॉक्टर का आरोप है कि अपने घर से हमलावर पिकअप गाड़ी लेकर आए और उनके ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। वह जान बचाकर बाइक छोड़कर भाग निकले। उसके बाद आरोपियों ने उनकी बाइक में आग लगा दी। आग लगने से बाइक जलकर बेकार हो गई। सूचना मिलने पर पौली चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे और पीड़ित तथा उनकी बाइक को चौकी पर ले आए। चौकी इंचार्ज ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिली है।
वहीं, रविववार को दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि पिकअप से बाइक को टक्कर लग गई थी। उससे विवाद हो गया था। इस मामले में दोनों पक्षों ने सुलह कर ली।