संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बस्ती मंडल के अधिकारियों की बैठक हुई। निर्वाचन आयोग के विशेष प्रेक्षक सामान्य अजय वी नायक, विशेष प्रेक्षक व्यय राजेश टुटेजा एवं विशेष प्रेक्षक पुलिस मनमोहन सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में तीनों जिलों के डीएम, एसपी व प्रेक्षक की बैठक चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।
केंद्रीय विशेष प्रेक्षक सामान्य अजय वी नायक ने बस्ती मंडल के तीनों जनपदों की तैयारियों का हाल जाना। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए विशेष सतर्कता बरतने का सुझाव दिया। उन्होंने ईवीएम/वीवी पैट का सुचारू प्रबंधंन, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था सहित मतदान दिवस के दिन बूथों एवं आस-पास की व्यवस्था, मतदान कक्ष एवं बूथ के 100 मीटर के दायरे में आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। पुलिस बल डिप्लायमेंट, मतदाता पर्ची का वितरण, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, हेल्पडेस्क सहित क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों पर वेबकास्टिंग सहित समस्त बिंदुओं पर जनपदवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस के दिन बूथों के आस-पास अनावश्यक रूप से लोग एकत्रित न हो, मतदान कक्ष में मतदाता के अलावा किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है चाहे वह कोई वीआईपी ही क्यों न हो। मतदान कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। विशेष प्रेक्षक पुलिस मनमोहन सिंह ने कहा कि स्थितियों की समीक्षा करते हुए पहले से ही एक दूसरे के साथ बेहतर समन्वय बना लिया जाए ताकि मतदान दिवस के दिन अथवा किसी भी स्थिति से निपटने में कोई असुविधा न हो। इस अवसर पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर, प्रेक्षक सामान्य नीमा अरोड़ा, प्रेक्षक पुलिस एस मल्लिखा, प्रेक्षक व्यय वाई आनन्द, प्रेक्षक सामान्य जनक प्रसाद पाठक, डीएम बस्ती अंद्रा वामसी, एसपी बस्ती गोपाल कृष्ण चौधरी, एसपी संतकबीरनगर सत्यजीत गुप्ता, एसपी सिद्धार्थनगर प्राची सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।