गलत आंकड़ा देने पर डीएम ने सीएमओ को दी चेतावनी
गौशालाओं का प्रत्येक सप्ताह स्थलीय निरीक्षण के दिए निर्देश
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं प्रगति की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने बच्चों में बॉर्न डिफेक्ट संबंधित आंकड़ा गलत पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सीएमओ से कार्यशैली में गंभीरता लाने की चेतावनी दी। खंड विकास अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण करने तथा भूसा-चारा, पानी व स्वास्थ्य सबंधित समस्या की स्थिति में संबंधित विभागीय अधिकारी को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया।
डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशु धारकों के क्रेडिट कार्ड बनवाने के दौरान प्रक्रियागत देरी की स्थिति में अग्रणी बैंक प्रबंधक के संपर्क में रहने के लिए निर्देशित किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं, चिकित्सालयों में चिकित्सकों एवं दवाओं की उपलब्धता के बारे में सीएमओ से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। सीएमओ को विभागीय कार्यों की अपने स्तर पर सघन मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण अपने विभाग से संबंधित विकास कार्यों, योजनाओं आदि में गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ स्वयं के स्तर पर भी एक निश्चित समय के अंतराल में अवश्य करते रहें। आयुष्मान गोल्डेन कार्ड बनाए जाने की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए सीडीओ को नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट से अवगत कराने के निर्देश दिए। डीपीआरओ को सामुदायिक शौचालयों के संचालन का निरीक्षण करने एवं खुलने व बंद होने का समय दर्ज करवाने के लिए निर्देशित किया। खंड विकास अधिकारियों को तैनाती ब्लॉक मुख्यालय पर ही निवास करने का निर्देश दिया। डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को दो दिनों के अंदर श्रम प्रवर्तन अधिकारी से संपर्क कर अपने कार्यकारी स्थलों (साइट) जिसमें श्रमिक कार्य कर रहें हो, का रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने नई सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण एवं गड्ढामुक्ति से संबंधित कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य, जल निगम, विद्युत, मनरेगा, खाद्यान्न वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, उद्योग विभाग, आजीविका मिशन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, स्वरोजगार योजना सहित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की।
बैठक में सीडीओ अतुल कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. अनिरुद्ध कुमार सिंह, डीडीओ सुदामा प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नागेंद्र सिंह, डीआईओएस मनमोहन शर्मा, सहायक आयुक्त उद्योग खुशबू सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी संजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत दिव्य रंजन सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।