बगैर कार्य कराए ही मूल्यांकन किए जाने की हुई थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने मंगलवार को ग्राम प्रधान सैथविलया सुटेहरा की ग्राम प्रधान को खंड विकास अधिकारी के माध्यम से नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है।
तकनीकी सहायक विकास खंड सेमरियावां के शिकायती पत्र 20 जून 2022 द्वारा ग्राम पंचायत सैथवलिया सुटेहरा जो उन्हें आवंटित था, उसमें तकनीकी सहायक रमेश चंद्र ने परसू के खेत से अकबाल के चक तक कच्चा नाला खुदाई कार्य तथा बांध गड़ही की खुदाई पर बिना कार्य पूर्ण कराए ही एमबी (माप पुस्तिका) मूल्यांकन किए जाने की शिकायत की गई थी। इस मामले की जांच लोकपाल मनरेगा द्वारा की गई। जांच आख्या के साथ रमेशचंद्र तकनीकी सहायक द्वारा की गई एमबी की छाया प्रति उपलब्ध कराई गई। जिसमें ग्राम पंचायत सैथवलिया सुटेहरा सिरीश चंद्र तकनीकी सहायक को आवंटित था, उसी ग्राम पंचायत में रमेश चंद्र तकनीकी सहायक द्वारा दो परियोजनाओं पर कुल 3,60,609 की एमबी बिना कार्य पूर्ण कराए कर दी गई। लोकपाल मनरेगा ने अपनी आख्या में तकनीकी सहायक, ग्राम प्रधान व सचिव के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की। इस मामले में ग्राम प्रधान भी दोषी पाई गई हैं। डीएम ने इस मामले में ग्राम प्रधान को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।