संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। अवैध बालू खनन पर जिलाधिकारी सख्त हैं। चार लोगों पर जुर्माना भी लगाया जा चुका है। शनिवार को धनघटा में संपूर्ण समाधान दिवस में भाग लेने पहुंचे डीएम ने चंदौली माफी में पहुंचकर बालू का भंडारण देखा और मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इन सबके बावजूद अवैध बालू खनन पर रोक नहीं लग रही है।
धनघटा तहसील क्षेत्र के घाघरा नदी और कुआनो नदी की तलहटी से बालू खनन के लिए पट्टा होता था। इसके बावजूद अवैध रूप से बालू खनन करने का काम बालू माफिया करते चले आ रहे हैं। इसके पीछे कारण यह है कि बालू माफिया बालू के जरूरतमंदों के घर सस्ती दर पर बालू भेजवा देते हैं।
धनघटा क्षेत्र के छपरा में मगर्बी, चपरा पूर्वी, नकहा, सिरसी, सेमरौना, बहराडाडी आदि स्थानों से रात के अंधेरे में बड़ी मात्रा में अवैध बालू खनन का धंधा जारी है। खनन निरीक्षक एनके महतो का कहना है कि चपरा पूर्वी गांव निवासी विनय उर्फ गुड्डू, बालमपुर गांव निवासी हनुमान, खर्चा गांव निवासी राहुल के विरुद्ध अवैध रूप से बालू खनन करने की कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जा चुका है। अवैध रूप से बालू खनन करने की सूचना पर तत्काल पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है।