- सड़क व रेल मार्ग में अधिग्रहित होने वाली जमीनों की धनराशि के मूल्याकंन पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें जनपद से होकर गुजरने वाली गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना एनएच-227 ए रामजानकी मार्ग, एनएच-328, एनएच-328 ए एवं नई रेलवे लाइन परियोजना के लिए भूमि अर्जन और प्रतिकर वितरण पर चर्चा हुई।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि काश्तकारों के जमीनों, परिसम्पत्तियों का नियमानुसार मूल्यांकन करवाकर प्रतिकर धनराशि प्रभावित काश्तकारों को जल्द दे दी जाए। जिससे परियोजनाओं के प्रगति कार्य में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने एसडीएम एवं परियोजना के नोडल को निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार आपसी सामंजस्य बनाते हुए कैम्प लगाकर कार्यों को पूर्ण कर ली जाए। जिससे काश्तकारों को कोई असुविधा न हो। प्रभावित परिसम्पत्ति में यदि कोई वृक्ष आ रहा है तो राजस्व एवं वन विभाग नियमानुसार उसका स्वामित्व निर्धारित करते हुए प्रतिकर देना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर एसएलएओ बस्ती रमेश कुमार, एसडीएम धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव, तहसीलदार धनघटा योगेन्द्र कुमार पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।