डिप्लोमा इंजीनियर्स ने प्रांतीय खंड कार्यालय पर दिया धरना
-मुख्य अभियंता को संबोधित ज्ञापन एक्सईएन को सौंपा
- मांगे न माने जाने पर 17 नवंबर से कार्य बहिष्कार का एलान
संतकबीरनगर। लोक निर्माण विभाग के डिप्लोमा इंजीनियर्स ने विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को प्रांतीय खंड कार्यालय पर धरना दिया। धरना के बाद मुख्य अभियंता को संबोधित 16 सूत्री मांग पत्र अधिशासी अभियंता को सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो 17 नवंबर से कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के जनपदीय अध्यक्ष इं. सुरेश कुमार ने कहा कि विभाग की ओर से जारी स्थानांतरण नीति 2022-23 के विपरीत अवर अभियंताओं को स्थानांतरण किया गया है। इसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। अवर अभियंताओं को पदोन्नति प्रदान किया जाए और आन लाइन आगणन तैयार करने के लिए निर्मित स्टीमेटर को प्रथमत: पूर्ण समक्ष बनाया जाए, तब तक पूर्व की आफ लाइन व्यवस्था के अनुसार आगणन गठित कराया जाए। जिन प्रकरणों में जांच आख्या परिवाद वर्ग को प्राप्त हो चुकी है, उसका निस्तारण कराया जाए, साथ ही जिन प्रकरणों में आरोप पत्र तय नहीं हो पा रहे हैं, उन्हें समाप्त किया जाए। अगर मांगे नहीं मानी गईं तो 17 नवंबर से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। धरना में प्रियंका श्रीवास्तव, बिंदुकेश यादव, विनय वर्मा, रामकुबेर, ओपी सिंह, शैलेश कुमार, मुन्ना चौधरी, राजेश कुमार, साबिर अली, बीडी यादव, राजू प्रसाद, ईश्वर चंद्र सिंह और प्रवीण कुमार अग्रवाल आदि शामिल रहे।