संतकबीरनगर। संभागीय परिवहन कार्यालय पर बड़े वाहनों के पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। मुख्य मार्ग से एआरटीओ आफिस तक सकरी सड़क होने के वजह से बड़े वाहनों के आने पर जाम लग जाता है। एआरटीओ दफ्तर से पहले ही खाली स्थान पर वाहनों को खड़ा किया जाता है।
जिला मुख्यालय स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय कलक्ट्रेट से पीछे जनपद न्यायालय के दूसरे गेट के पास बना हुआ है। तमाम वाहनों को रजिस्ट्रेशन और परमिट, फिटनेस के लिए अक्सर आना पड़ता है। खलीलाबाद मेंहदावल मार्ग पुलिस लाइन अथवा नेदुला से पटखौली होकर एआरटीओ दफ्तर पहुंचने का आम रास्ता है। दोनों रास्ते काफी सकरे होने के वजह से बड़े वाहनों को लेकर वहां पहुंचने में काफी समस्या वाहन चालकों एवं उनके स्वामियों को होता है। किसी तरफ से भी वाहन घुसने के बाद दूसरे वाहन का निकल पाना काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहनों के आने पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। सड़क सकरा होने की वजह से बड़े और लंबे वाहन काफी मुश्किल से एआरटीओ कार्यालय तक पहुंच पाते हैं। कार्यालय से पहले स्टेडियम के बगल में बने बहुउद्देशीय भवन के पास खाली स्थान पर वाहन चालक व स्वामी वाहनों को खड़ा करके ऑफिस में जाकर अपना काम कराते हैं। वाहन चालक संदीप, विजय का कहना है कि एआरटीओ कार्यालय हाईवे पर होना चाहिए। जिससे वहां वाहन पहुंच सके।
0000000000000
कार्यालय तक बड़े वाहन नहीं आ पाते है। बड़े वाहनों को कार्यालय से थोड़ा पहले खड़ा करा दिया जाता है। जहां पर कर्मचारियों को भेजकर उनका काम पूरा कराया जाता है।
-प्रियंवदा सिंह, एआरटीओ