गायत्री शक्तिपीठ मुखलिसपुर में हवन करते गायत्री परिवार के लोग -संवाद
धनघटा। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन बुधवार को गायत्री शक्तिपीठ मुखलिसपुर में श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन किया। शक्तिपीठ पर मंत्रों के बीच हवन पूजन से वातावरण भक्तिमय हो गया, इसके बाद लोगों ने सहभोज में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। नवमी तिथि पर सुबह 8 बजे से दोपहर तक हवन-पूजन का कार्यक्रम चलता रहा। प्रत्येक पाली में गायत्री मंत्रों के साथ-साथ, आदिशक्ति मां दुर्गा के विशेष मंत्रों के साथ आहुतियां भी दी गईं। इस अवसर पर नवरात्र में नौ दिन का विशेष अनुष्ठान करने वाले साधकों ने भी पूर्णाहुति के साथ अपना अनुष्ठान पूर्ण किया। परिव्राजक आचार्य सत्यनारायण शर्मा ने विधि विधान से समस्त कार्यक्रम संपन्न कराते हुए श्रद्धालुओं को सत्प्रवृत्तियों के संवर्धन के लिए युग निर्माण योजना के 18 संकल्पों को जीवन में धारण करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर अन्नप्रासन, विद्यारंभ, दीक्षा और यज्ञोपवीत संस्कार भी संपन्न कराया गया। संवाद