धनघटा। नाथनगर ब्लाॅक की चार ग्राम पंचायतों में महीनों से सचिव की तैनाती नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। विकास योजनाएं ठप पड़ गई हैं।
नाथनगर के सबसे बड़ी ग्राम पंचायत महुली, छितही, घोरहट और भैंसही उर्फ भैसवरिया में तैनात सचिव का कुछ महीने पूर्व स्थानांतरण हो गया था। उनके स्थान पर पंचायत सचिव की तैनाती नहीं हो सकी। काफी जद्दोजहद के बाद एडीओ पंचायत को प्रभार सौंपा गया। सचिव की तैनाती नहीं होने से जन्म प्रमाणपत्र, मृत्यु प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर भाग एक की नकल सहित अन्य अभिलेख के लिए ग्रामीणों को काफी भागदौड़ करनी पड़ रही है। इसको लेकर प्रधानों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बीडीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि चार ग्राम पंचायतों महुली, छितही, घोरहट और मैसी उर्फ भैसवरिया में सचिव की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों के पास फाइल भेजी गई है। लेकिन, अब तक सचिव का नाम फाइनल नहीं हुआ है। एक-दो दिन में पंचायत सचिव की तैनाती की जाएगी।