सेमरियावां। ओडीएफ प्लस ग्राम पंचायत सेमरियावां में लखनऊ से आई प्रदेश स्तरीय तीन सदस्यीय टीम ने विकास कार्यों का हाल जाना। टीम ने गांव में गली-गली जाकर स्वच्छता, शौचालय, कचरा आदि की स्थिति को बारीकी से देखा। रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही।
ओडीएफ प्लस गांव में तरल अपशिष्ट प्रबंधन करना, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, प्रत्येक घर से कूड़े का पृथक्करण, स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए ब्लॉक स्तर पर इकाइयां स्थापित करना है।
शासन की ओर से इसके लिए धनराशि दी गई है। कार्यों की मॉनीटरिंग के लिए टीम बारी- बारी से आती है। इसी क्रम में बुधवार को लखनऊ से आई प्रदेश स्तरीय टीम के जिला प्रबंधक आकाश विश्वकर्मा, कंसल्टिंग इंजीनियर आदर्श सिंह, कंसल्टिंग इंजीनियर शहबाज शाह ने ओडीएफ प्लस गांव सेमरियावां में आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, कन्या प्राथमिक विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और गांव में बने शौचालय, कचरा निस्तारण, साफ- सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही गांव वालों से शासन की योजनाओं का हाल जाना।
टीम ने कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। टीम के जिला प्रबंधक आकाश विश्वकर्मा ने बताया कि विकास कार्यों की मानीटरिंग की गई है। कमियों को सुधारने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
इस दौरान एडीओ पंचायत मईनुद्दीन, ग्राम सचिव योगेंद्र गौड़, ग्राम सचिव कुणाल सिंह, ग्राम प्रधान अबरार अहमद, शिव प्रसाद, मिन्हाज अख्तर उर्फ गुड्डू, सलीम उमर, अयान, वसीम सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।