कैश लेस चिकित्सा के विरोध में शिक्षकों का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
संतकबीरनगर। सशुल्क कैश लेस चिकित्सा देने के विरोध में राज्य शैक्षिक महासंघ के बैनर तले परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र अपर एसडीएम को सौंपा।
महासंघ के जिलाध्यक्ष नवीन त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कार्यालय और बेसिक शिक्षा मंत्री के जरिए 24 अप्रैल 2022 को शिक्षकों को 100 दिन में कैश लेश चिकित्सा सुविधा देने संबंधी ट्वीट किया गया था। शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के आदेश का बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी अवहेलना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सात माह बाद भी शिक्षकों को सशुल्क स्वास्थ्य बीमा पालिसी दिलवाने के प्रयास में हैं। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने पत्र जारी कर सशुल्क चिकित्सा बीमा का आदेश दिया है। इससे प्रदेश के समस्त शिक्षक आक्रोशित हैं। उन्होंने कहा कि सचिव बेसिक शिक्षा परिषद के आदेश को निरस्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि परिषदीय शिक्षकों के सम्मान व हित को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों की भांति कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया जाए। प्रदर्शन करने वालों में देवेंद्र राय, आनंद सिंह, शक्ति कुमार, अभिषेक सिंह, सुचित चौधरी, अंजली तिवारी, साजिदा, शालिनी तिवारी, छेमा सिंह, भूपेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।