संतकबीरनगर। मेंहदावल में स्थापित होने वाले ग्राम न्यायालय के विरोध में तथा अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर दीवानी न्यायालय परिसर के मुख्य गेट पर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान न्यायिक कार्य में सहयोग नहीं किया।
सिविल बार एसोसिएशन और जनपद बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वधान में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। सिविल बार अध्यक्ष महीप बहादुर पाल ने कहा कि जिले में स्थित दीवानी न्यायालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। अधिवक्ता चैंबर बिल्डिंग नहीं है। बिजली नहीं है। ग्रामीण न्यायालय मेंहदावल में स्थापित होने से सरपंच की व्यवस्था के अनुरूप कार्य होगा। वादकारियों का अहित होगा। कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश मिश्र ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम न्यायालय स्थापित किया जाना सही नहीं है। इसका विरोध जारी रहेगा।
जनपद बार एसोसिएशन के महामंत्री सुनील कुमार पांडेय, दुर्गेश नारायण मिश्र, राकेशजी मिश्र ने कहा कि ग्राम न्यायालय स्थापित किया जाना अधिवक्ता समाज के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। सभी साथी लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं। इस दौरान अनिल कुमार भारती, रणजीत कुमार चौधरी, संदीप कुमार, अजय कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, प्रमोद कुमार यादव, शशि कुमार ओझा, शैलेश त्रिपाठी, आनंद वीर मिश्र, केसी पांडेय, धीरेंद्र कुमार पांडेय,संतोष कुमार आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।