संतकबीरनगर। जिले के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को संयुक्त बार एसोसिएशन के तत्वाधान में दीवानी न्यायालय परिसर से कलक्ट्रेट तक मानव शृंखला बनाई और कलक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन कर अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने समेत 23 सूत्री मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश को सौंपा। इस दौरान जिले के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य में सहयोग नहीं किया।
सिविल बार अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मिश्र तथा महामंत्री राकेश जी मिश्र ने कहा कि अधिवक्ता समाज बगैर किसी अनुदान या मानदेय के गर्मी, धूप, बारिश, टीनशेड में, दीवार के किनारे, आवश्यक मूलभूत सुविधा के पूर्ण अभाव में न्यायिक कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा व जिम्मेदारी से करता है। सरकार अधिवक्ताओं की मूलभूत आवश्यकता एवं सुरक्षा पर गंभीर नहीं दिख रही है।
जनपद बार अध्यक्ष शशि कुमार ओझा तथा महामंत्री राणा रविंद्र सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समाज में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता एवं भय व्याप्त है।
ऐसी दशा में प्रदेश के समस्त अधिवक्ताओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से विधि आयोग उत्तर प्रदेश में विचाराधीन एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट अविलंब लागू किए जाने की आवश्यकता है। ज्ञापन देने वालों में महिप बहादुर पाल, नवनीत कुमार पांडेय, सुनील कुमार पांडेय, दुर्गेश नारायण मिश्र रामकृष्ण यादव, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, शकील अहमद आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।