- चार दिनों से घर से लापता था युवक
- मौत के कुछ समय पहले ही पहुंचा घर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। धनघटा क्षेत्र के चंदौली माफी के राजस्व गांव नकही नगुई निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक घर से चार दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चंदौली माफी के नकही नगुई निवासी शत्रुधन नायक (30 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र नायक चार दिनों से घर से गायब चल रहा था। परिजनों और गांव के लोगों के मुताबिक शुक्रवार की शाम लगभग छह बजे एक टेंपो में सवार होकर वह घर पर आया था। टेंपो से उतरने के बाद उसने परिजनों से बताया कि उसकी तबीयत अच्छी नहीं है और वह सोने जा रहा था। लोगों उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए। जहां पर देखने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पर पुलिस पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। उसकी पत्नी चंदा देवी मायके गोरखपुर जनपद के शिवधरपुर थीं। फोन पर सूचना पाकर घर पहुंची तो पति का शव देख कर बेहोश हो गई। शत्रुधन अपने पुत्र युवराज (7 वर्ष) और आर्यन (4 वर्ष) को छोड़ गया है। बच्चे अपने पिता के बारे में दादी शारदा देवी से पूछ रहे हैं कि पापा कब घर आएंगे। माता शारदा देवी ने बताया कि शत्रुधन मौत से कुछ घंटे पहले ही घर पर आया। इतना कहते ही रो पड़ीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।